रामनगर। लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय, रामनगर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिरीश चंद्र द्विवेदी के सेवानिवृत्ति उपरांत प्रसाशनिक कार्यकाल पूर्ण होने पर 31 मई 2026 दिन रविवार को चिकित्सालय परिवार द्वारा सभागार में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सालय के चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह में डॉ. द्विवेदी का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर डॉ. द्विवेदी अपने परिवार सहित उपस्थित रहे। चिकित्सालय कर्मियों ने केक काटकर समारोह को उत्साहपूर्ण एवं यादगार बनाया।
अपने लगभग पौने दो वर्ष के कार्यकाल में डॉ. गिरीश चंद्र द्विवेदी ने चिकित्सालय के विकास एवं कायाकल्प में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व में चिकित्सालय में विभिन्न सुविधाओं का विस्तार हुआ तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अनेक उल्लेखनीय कार्य किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष द्विवेदी ने कहा कि डॉ. गिरीश चंद्र द्विवेदी के कार्यकाल में चिकित्सालय परिसर में अनेक विकास कार्य संपन्न हुए, जिनका लाभ आज भी क्षेत्र के हजारों मरीजों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय की वर्तमान पहचान और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में डॉ. द्विवेदी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पद का कार्यभार संभालने वाले डॉ. पी. मिश्रा का भी माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संतोष द्विवेदी, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. अनुपम कुशवाहा, डॉ. राबिन दूबे,डॉ. आर.के. गुप्ता, डॉ. एन.के. सिंह, डॉ. देवेंद्र, डॉ. देवानंद, डॉ. रश्मि, अशोक सिंह, दिलीप सोनकर, नरेंद्र शर्मा सहित चिकित्सालय के अनेक कर्मचारी एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन बी.एम. त्रिपाठी ने किया। समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. गिरीश चंद्र द्विवेदी के उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
रिपोर्ट रोशनी









Users Today : 1
Users This Year : 15568
Total Users : 28161
Views Today : 1
Total views : 55909