चन्दौली शहाबगंज
अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने नगर क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के चलते ठाकुर बाग, नवनिर्मित पार्क सहित नगर के कई इलाकों में पेड टुट गए। कई स्थानों पर पेड़ बिजली के खंभों और हाईटेंशन तारों पर गिर पड़े, जिससे देर रात तक विद्युत आपूर्ति ठप रही और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आंधी की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गए और नगर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घरों में दुबके रहे, वहीं सड़क पर गुजर रहे राहगीरों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव के नेतृत्व में नगर पंचायत की टीम ने रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। जेसीबी और कर्मचारियों की मदद से सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटवाया गया तथा बाधित मार्गों को दोबारा सुचारु कराया गया।

बिजली के खंभों और तारों पर गिरे पेड़ों को हटाने के लिए विद्युत विभाग के साथ समन्वय बनाकर तेजी से कार्य कराया गया, ताकि नगरवासियों को जल्द राहत मिल सके। कई स्थानों पर खतरे की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील भी की गई।
चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के बाद नगर पंचायत पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ राहत कार्य में जुटी हुई है। नगरवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर प्रभावित क्षेत्र में तत्काल सहायता पहुंचाई जा रही है।
राहत कार्य के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि विजय विश्वकर्मा, भाजपा नेता शुभम मोदनवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि राजू माली सहित नगर पंचायत के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और देर रात तक अभियान में जुटे रहे।










Users Today : 16
Users This Year : 23712
Total Users : 36305
Views Today : 59
Total views : 71325