चन्दौली इलिया
राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल, मवईया चकिया, चंदौली के प्रांगण में एनसीसी कैंप का भव्य उद्घाटन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर विद्यालय को एनसीसी इकाई प्राप्त हुई, जो संस्थान के लिए गौरव का क्षण है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल अमर सिंह (सेना मेडल) रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष महत्व दिया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में कर्नल सुखबीर पूनिया, सूबेदार ऑफिसर जीत बहादुर थापा, सूबेदार मिलन थापा एवं सूबेदार भूपेंद्र सिंह मंच पर उपस्थित रहे। विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने जोशीले एवं अनुशासित मार्च पास्ट के माध्यम से मुख्य अतिथि व सभी अतिथियों को सलामी देकर उनका भव्य स्वागत किया। कैडेट्स की चुस्त-दुरुस्त परेड देखकर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।

अगले चरण में मुख्य अतिथि कर्नल अमर सिंह, विद्यालय के एमडी सर, डायरेक्टर मैम, विद्यालय के मार्गदर्शक राधेश्याम द्विवेदी ‘गुरु जी’, प्रधानाचार्या विभा सिंह तथा वाइस प्रिंसिपल मुकेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया और कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
तत्पश्चात विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलमय गणेश वंदना से हुई। इसके बाद मधुर वेलकम सॉन्ग से अतिथियों का अभिनंदन किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत लीजेंड डांस ने सबका मन मोह लिया, वहीं ‘वीरांगना लक्ष्मीबाई’ थीम पर आधारित नृत्य-नाटिका ने शौर्य और देशभक्ति का संचार कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में मुख्य अतिथि कर्नल अमर सिंह ने विद्यालय प्रबंधन को एनसीसी का आधिकारिक अलॉटमेंट लेटर प्रदान किया। यह उपलब्धि राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों को अब एनसीसी के माध्यम से सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास का अवसर प्रदान करेगी।
बच्चों को संबोधित करते हुए कर्नल अमर सिंह ने एनसीसी के महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में ‘एकता और अनुशासन’ का भाव जगाती है। एक विद्यार्थी के जीवन में किताबी ज्ञान के साथ-साथ अनुशासित जीवनशैली, कर्तव्यपरायणता, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना अत्यंत आवश्यक है, और एनसीसी इन्हीं मूल्यों का निर्माण करती है।

कार्यक्रम का अत्यंत प्रभावशाली संचालन धीरज गिरी सर एवं सना मैम द्वारा किया गया।
समारोह का समापन गर्व के साथ फ्लैग होस्टिंग एवं नेशनल सैल्यूट के साथ हुआ।
इस गौरवशाली अवसर पर एनसीसी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु राजपथ पर सम्मानित ए.एन.ओ. बलवंत कुमार मौर्य, समाजसेवी रियाज भाई, चंचल पाठक, अंकित पाठक, अफजल भाई, राहुल पांडे सहित समस्त मीडिया बंधु, बड़ी संख्या में अभिभावकगण एवं विद्यालय का समस्त शिक्षक स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी









Users Today : 1
Users This Year : 15568
Total Users : 28161
Views Today : 1
Total views : 55909