मिर्ज़ापुर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी से संबद्ध मिर्जापुर के महाविद्यालयों की शुचितापूर्ण परीक्षा प्रणाली को अक्षुण्ण रखने के लिए केंद्रीय सचल दल ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस अभियान के दौरान ऊषा सिंह विधि महाविद्यालय, बरेवां में विधि छठे सेमेस्टर की परीक्षा दे रहे तीन परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।
केंद्रीय सचल दल के संयोजक प्रोफेसर भानु प्रताप सिंह एवं सदस्य डॉ. राजेश कुमार पाल ने सघन जांच के दौरान इन परीक्षार्थियों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा, जिसके पश्चात नियमानुसार उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय की टीम ने मथुरा कॉलेज ऑफ लॉ, ज्ञानंदा लॉ कॉलेज, लक्ष्मण सिंह विधि कॉलेज, पुष्पा सिंह विधि महाविद्यालय, के.बी. पीजी कॉलेज एवं जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में बीएड छठे सेमेस्टर के परीक्षार्थियों का भी सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और परीक्षार्थियों की व्यक्तिगत तलाशी पर विशेष बल दिया गया।
संयोजक प्रोफेसर भानु प्रताप सिंह ने परीक्षार्थियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि परीक्षा कक्ष के भीतर स्मार्ट वॉच, मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रवेश पूर्णतः वर्जित है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पाया गया, तो केंद्रीय सचल दल उसके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।









Users Today : 54
Users This Year : 13171
Total Users : 25764
Views Today : 144
Total views : 51082