जिला जज और डीएम का वाराणसी जेल में औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी  गुरुवार को वाराणसी जिला जज जयप्रकाश तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से वाराणसी के केंद्रीय एवं जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया और कारागार प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि जेल मैनुअल के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

 

निरीक्षण के दौरान जिला जज और जिलाधिकारी सीधे बैरकों में पहुंचे और कैदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने जेल अस्पताल में जाकर मरीजों को उपलब्ध दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। वहीं किचन का निरीक्षण कर कैदियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की।

 

महिला एवं अल्पवयस्क बैरक का जायजा लेते हुए दोनों अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर होगा। इसके साथ ही बाल प्रशिक्षण कक्ष और पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया गया। जिला जज ने अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे कैदियों से नियमित संवाद स्थापित करें और विधिक सहायता के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

 

जिलाधिकारी ने अधीक्षकों को सख्त चेतावनी दी कि व्यवस्था के अनुपालन में किसी भी स्तर की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन उच्च सुरक्षा कक्ष और पाकशाला की प्रगति का भी जायजा लिया गया।

 

निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारी केंद्रीय कारागार में आयोजित रामलीला मंचन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। जिलाधिकारी ने बंदियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन कैदियों के मानसिक और सामाजिक उत्थान में सहायक होते हैं।

 

इस मौके पर एडीजे आलोक कुमार अग्निहोत्री, सीजेएम मनीष कुमार, डीसीपी क्राइम सरवनन टी, वरिष्ठ कारागार अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्र, जिला कारागार अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट – विजयलक्ष्मी तिवारी

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई