वाराणसी रविवार को फार्मर रजिस्ट्रेशन के कार्य हेतु क्षेत्र में जा रहे लेखपाल प्रद्युम्न कुमार यादव सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कटहल गंज के पास उस समय हुआ, जब वह अपने कार्यक्षेत्र काशी विद्यापीठ के मुडा़देव ग्राम की ओर जा रहे थे।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही लेखपाल संघ उनके समर्थन में खड़ा हो गया। संघ के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लिया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया, साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वहीं तहसीलदार सदर एवं नायब तहसीलदार भी अस्पताल पहुंचे और घायल लेखपाल का कुशलक्षेम जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों से वार्ता कर बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया तथा परिवारजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इसी क्रम में तहसील सदर लेखपाल संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं महामंत्री श्यामानन्द सागर ने सभी लेखपाल साथियों से एकजुट होकर घायल लेखपाल के उपचार हेतु आर्थिक सहयोग करने की अपील की है, ताकि उनके इलाज में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
यह घटना एक ओर जहां कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन और साथियों की संवेदनशीलता व एकजुटता का भी सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।








Users Today : 19
Users This Year : 24196
Total Users : 36789
Views Today : 21
Total views : 72328