चन्दौली
अलीनगर थाना क्षेत्र के लौदा गांव में शनिवार को एक मजदूर की मड़ई में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में एक बछड़े की जलकर मौत हो गई, जबकि एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। आग से मजदूर का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
यह घटना अज्ञात कारणों से हुई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे ठिकाने को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि मजदूर का राशन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
पीड़ित मजदूर कैलाश ने बताया कि इस आग में उसे करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस घटना से वह काफी प्रभावित हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
वहीं, घटना के काफी समय बीत जाने के बावजूद जिला प्रशासन की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द राहत और मुआवजा देने की मांग की है।
सूचना मिलने पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।








Users Today : 89
Users This Year : 24169
Total Users : 36762
Views Today : 210
Total views : 72293