मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपने 34 वर्ष की शानदार यात्रा के दौरान टाटा मोटर्स के लखनऊ प्लांट से 10 लाखवें वाहन को लांच किया गया। 10 लाखवें वाहन की लॉन्चिंग केवल एक प्लांट के उत्पादन की ही उपलब्धि नहीं है बल्कि सप्लाई के लिए यूपी के ग्लोबल हब बनने का सूचक है। यह उड़ान रुकने के लिए नहीं है बल्कि आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए है।
मुख्यमंत्री योगी बुधवार को टाटा संस के 10 लाखवें वाहन को लॉन्च करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 25 करोड़ की आबादी और 56 फीसदी वर्कफोर्स है। इसका प्रभाव कागजों से बाहर आकर जमीन पर भी देखने को मिल रहा है।
टाटा मोटर्स में बनने वाली बसों में हमने बचपन से यात्राएं की हैं। लोगों ने टाटा का मतलब ट्रस्ट के साथ जोड़ा है। सुई से लेकर हवाई जहाज तक हर क्षेत्र में टाटा समूह भारत को सशक्त बनाने के अभियान में लगातार आगे बढ़ रहा है। टाटा का निवेश केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है बल्कि उत्तर प्रदेश को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने का समझौता है।
पहले तमाम चुनौतियां थीं कि कनेक्टिविटी अच्छी नहीं थी। संसाधन कम थे। यह तय कर पाना कठिन होता था कि सड़क है या गड्ढा है। सुरक्षा का संकट था। न तो नियत साफ थी और ना ही कोई नीति थी। परिणाम ये था कि लोग निवेश करने से डरते थे। आज भारत के कुल एक्सप्रेसवे का 55 फीसदी एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में है।
गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगा। 600 किलोमीटर का एक्सप्रेसवे बनने के बाद देश के कुल एक्सप्रेस वे में उत्तर प्रदेश का योगदान 60 फीसदी हो जाएगा। आज से 9 वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में केवल दो एयरपोर्ट थे और वो भी बंद पड़े थे। आज 16 एयरपोर्ट पूरी तरह क्रियाशील हैं। पिछले महीने भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जेवर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला











Users Today : 91
Users This Year : 17404
Total Users : 29997
Views Today : 194
Total views : 59474