वाराणसी। — चैत्र नवरात्र के नौ दिवसीय महापर्व का समापन शुक्रवार को पूरे भक्तिभाव और उल्लास के साथ हुआ। नवमी के अवसर पर शहरभर में कन्या पूजन की धूम रही, लेकिन सबसे भव्य और आकर्षक आयोजन रवींद्र पुरी स्थित विश्वविख्यात अघोरपीठ बाबा कीनाराम स्थल क्रीं कुण्ड में देखने को मिला।
यहां पीठाधीश्वर परम पूज्य अघोराचार्य महाराज बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के निर्देशन में विधिवत नवमी कन्या पूजन का शुभारंभ हुआ। नौ कन्याओं को देवी स्वरूप में सजाकर और एक बालक को भैरव बाबा के रूप में प्रतिष्ठित कर पूरे विधि-विधान से पूजन किया गया।
आचार्य प्रकाश और आश्रम की वरिष्ठ सदस्या संगीता सिंह के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने देवी स्वरूप कन्याओं और भैरव रूप बालक के पांव पखारे, आरती उतारी और विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित किया। इसके बाद भक्तों ने उनका आशीर्वाद लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पूरे आश्रम परिसर में “जय मां सर्वेश्वरी” और “हर हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस पावन अवसर पर सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
गौरतलब है कि क्रीं कुण्ड में नवरात्र और नवमी कन्या पूजन के दर्शन के लिए देश-विदेश से साधक, संत और आम श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं, और प्रसाद ग्रहण कर ही वापस लौटते हैं।










Users Today : 65
Users This Year : 23856
Total Users : 36449
Views Today : 176
Total views : 71673