इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग लड़की को अपने जाल में फंसाने और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ रखने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, दतोदा गांव (सिमरोल क्षेत्र) निवासी जोएब खान इंस्टाग्राम पर फर्जी हिंदू नाम का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान उसकी पहचान होशंगाबाद जिले की एक नाबालिग लड़की से हुई। धीरे-धीरे उसने बातचीत बढ़ाकर लड़की को अपने प्रभाव में ले लिया और उसे इंदौर बुलाकर एमआईजी थाना क्षेत्र के देवनगर इलाके में किराए के मकान में अपने साथ रखने लगा।
स्थानीय लोगों को युवक की गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने सूचना संबंधित संगठनों को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल से कई लड़कियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई है। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि वह पहले भी कई लड़कियों को इसी तरह अपने जाल में फंसा चुका है।
वहीं, जिस नाबालिग को इंदौर लाया गया था, वह होशंगाबाद से पहले से लापता थी और वहां उसकी गुमशुदगी दर्ज थी। सूचना मिलते ही केसला थाना पुलिस इंदौर पहुंची और लड़की को अपने साथ ले गई। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एमआईजी थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी देवनगर क्षेत्र में रहकर एक फास्ट फूड आउटलेट पर काम करता था और काफी समय से वहीं रह रहा था।
पुलिस अब मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है। यदि किरायेदार की जानकारी थाने में नहीं दी गई पाई गई, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।










Users Today : 1
Users This Year : 23697
Total Users : 36290
Views Today : 1
Total views : 71267