वाराणसी।
भोजूबीर स्थित उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) के हॉस्टल में शुक्रवार को हुई फायरिंग की घटना ने पूरे परिसर को दहला दिया। शुरुआती जानकारी में घायल बताए गए छात्र की बाद में मौत हो गई, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र सूर्य प्रताप सिंह (20 वर्ष) को गोली मारी गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सूर्य प्रताप सिंह पुत्र ऋषिदेव सिंह, निवासी ग्राम दुबैठा, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि छात्र अपने परिवार का एकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। माता-पिता संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में कर्मचारी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग कॉलेज प्रिंसिपल के सामने ही की गई, जिससे छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। गोली चलाने का आरोप कॉलेज के ही एक अन्य छात्र मंजीत चौहान पर लगाया गया है, जो चांदमारी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। छात्र-छात्राओं में भय का माहौल है, वहीं परिजन और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।









Users Today : 55
Users This Year : 17096
Total Users : 29689
Views Today : 115
Total views : 58840