चंदौली में होली के त्योहार से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू किया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खोवा, पनीर और नमकीन फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर नमूने लिए हैं। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के आदेश पर की जा रही है।
अभियान के पहले चरण में खाद्य सुरक्षा मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से आम जनता और खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने खोवा व्यापारियों को विशेष रूप से चेतावनी दी है कि वे न तो मिलावटी खोवा खरीदें और न ही बेचें।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जनपद में कहीं भी मिलावटी खोया, पनीर, नमकीन या खाद्य तेल की बिक्री या परिवहन पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की उचित धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में, उप जिलाधिकारी सदर चंदौली के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पड़ाव स्थित एक नमकीन फैक्ट्री पर छापा मारा। टीम ने नमकीन और बेसन के दो नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
आम जनता से अपील की गई है कि यदि उन्हें जनपद के किसी भी क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थ की सूचना मिलती है, तो वे विभाग के मोबाइल नंबर 8887890254 पर सूचित करें। आज की टीम का नेतृत्व चंदौली के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी ने किया, जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह और पुलिस बल भी शामिल थे।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 0
Users This Year : 23696
Total Users : 36289
Views Today :
Total views : 71266