आगामी होली और रमजान त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर सोमवार को पड़री थाना परिसर में थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने दोनों समुदायों के संभ्रांत नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने होली को रंगों और खुशियों का त्योहार तथा रमजान को इबादत और संयम का महीना बताया। थानाध्यक्ष ने सभी क्षेत्रवासियों से इन त्योहारों को आपसी प्रेम, सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया।
थानाध्यक्ष ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बिना आधिकारिक अनुमति के डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और हुड़दंग करने वालों या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जुलूस और अन्य कार्यक्रमों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
इस बैठक में क्षेत्र की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने केलिए कई ग्राम प्रधानों और स्थानीय समाजसेवियों ने भाग लिया। उपस्थित गणमान्य नागरिकों में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवमणि दुबे (मक्खण) लोकापुर मंटू चौबे, ग्राम प्रधान चेंदुली शिवबाबा सिंह, रामसागर, मुनव्वर अली, अहमद, गुड्डू और अरशद सहित भारी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। सभी उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन को त्योहारों के दौरान पूरी सावधानी बरतने और पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग कर शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया।
रिपोर्ट- भोलानाथ यादव











Users Today : 94
Users This Year : 17407
Total Users : 30000
Views Today : 198
Total views : 59478