बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी स्थित बरेका खेलकूद स्टेडियम में आज दिनांक 21 फरवरी, 2026 को 18वीं अखिल भारतीय पुरुष एवं महिला रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता 2025–26 का फाइनल मुकाबला उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जबकि फाइनल मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला

उत्तर रेलवे,पुरुष वर्ग विजेता टीम
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला उत्तर रेलवे एवं पश्चिम रेलवे के मध्य खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले चरण में पश्चिम रेलवे ने बढ़त बनाई, किंतु उत्तर रेलवे ने प्रभावशाली वापसी करते हुए मुकाबले को अत्यंत रोमांचक बना दिया। अंतिम क्षणों में कड़े संघर्ष के बाद उत्तर रेलवे ने निर्णायक बढ़त हासिल करते हुए 26–24 से विजय प्राप्त की।
पुरुष वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे एवं दक्षिण मध्य रेलवे के बीच खेला गया। पूरे मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की टीम ने प्रारंभ से बढ़त बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अंततः 31–30 से मुकाबला अपने नाम किया।

महिला विजेता टीम, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे
महिला वर्ग में उत्तर रेलवे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों की तेज़ गति, सटीक पास, शानदार ब्लॉक एवं प्रभावशाली गोल प्रयासों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है, कि यह प्रतियोगिता 18 फरवरी से 21 फरवरी 2026 तक बरेका, के केंद्रीय खेलकूद मैदान में आयोजित की गई, जिसमें भारतीय रेलवे की विभिन्न टीमों ने भाग लिया।
पुरुष वर्ग की प्रतिभागी टीमें:
उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, बनारस रेल इंजन कारखाना, पश्चिम रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर पश्चिम रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड एवं पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स।
महिला वर्ग की प्रतिभागी टीमें:
उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मध्य रेलवे एवं पश्चिम रेलवे।
प्रतियोगिता के समापन उपरांत मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सह अध्यक्ष, बरेका खेलकूद संघ एस.के. श्रीवास्तव ने विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु बरेका खेलकूद संघ एवं रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की सराहना की।

इस अवसर पर बरेका खेलकूद संघ द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) सह महासचिव, बरेका खेलकूद संघ सुनील कुमार ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत लोको) अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (सर्विस) नीरज जैन, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (इंजन) मनोज कुमार, वरिष्ठ आंकड़ा संसाधक प्रबंधक एस.के. सिंह,जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, क्रीड़ा अधिकारी धनंजय सिंह, सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी परिषद के सदस्य श्रीकांत यादव,नवीन कुमार सिंहा ,अमित कुमार, मनीष कुमार सिंह एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राकेश कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया।
रिपोर्ट धनेश्वर साहनी









Users Today : 33
Users This Year : 6371
Total Users : 18964
Views Today : 133
Total views : 37545