वाराणसी।
शहर में कानून और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भिखारीपुर क्षेत्र में एक बारात के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने, 75 फीसदी सड़क पर अतिक्रमण पर लॉन और रोड लाइट वाले पर मुकदमा दर्ज कराया गया।
जाम की सूचना पर रात लगभग 11:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि वैष्णवी लॉन के सामने सड़क का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा घेरकर बारात निकाली जा रही थी। तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था, जिससे न केवल ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था, बल्कि आमजन को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। सड़क संकरी होने के कारण वहां जाम जैसी स्थिति बन गई थी और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए डीजे और लाइट की व्यवस्था बंद कराई तथा सड़क से अतिक्रमण हटवाकर यातायात सुचारु कराया। जांच में पाया गया कि आयोजन के दौरान ध्वनि नियंत्रण और यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया है।
चौकी प्रभारी महमूरगंज की तहरीर पर लॉन संचालक, डीजे संचालक और लाइट संचालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा कर यातायात बाधित करने, निर्धारित समय से अधिक तेज ध्वनि में डीजे बजाने या नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।











Users Today : 21
Users This Year : 10893
Total Users : 23486
Views Today : 25
Total views : 46054