वाराणसी
रबी-उल-अव्वल के मौके पर बुधवार को वाराणसी समेत पूरे उत्तर प्रदेश में ईद मिलादुन्नबी अकीदत और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। जुलूसों को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जुलूस मार्गों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है, वहीं CCTV और ड्रोन कैमरों के जरिए भी लगातार निगरानी की जा रही है।
वाराणसी में बुधवार सुबह करीब 8 बजे मदहे सहाबा का विशाल जुलूस निकाला गया। करीब 5 किलोमीटर लंबे जुलूस में प्रशासन और कमेटी के बीच सहमति के बाद पहले प्रस्तावित 1500 वाहनों के स्थान पर महज 100 गाड़ियों को अनुमति दी गई। प्रशासन के इस फैसले से जुलूस को व्यवस्थित रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिल रही है।
जुलूस में हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे अकीदतमंदों के बीच ‘सरकार की आमद मरहबा’ के नारों की गूंज सुनाई दी। जुलूस के दौरान लोगों में खासा उत्साह नजर आया और धार्मिक माहौल के बीच भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस आयुक्त शिवा हरी मीणा की मुस्तैदी और कुशल निगरानी विशेष रूप से चर्चा में रही। उनकी सक्रियता और बेहतर पुलिस प्रबंधन के चलते जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ड्रोन से भी निगरानी की गई।
वहीं, जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने आवश्यक रूट डायवर्जन लागू किया। पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती के बीच जुलूस को निर्धारित मार्ग पर व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया गया।
अपर पुलिस आयुक्त शिवा हरी मीणा के नेतृत्व में सुरक्षा, अनुशासन और सौहार्द को प्राथमिकता देते हुए किए गए इंतजामों ने वाराणसी में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल देने में अहम भूमिका निभाई। तिरंगे के साथ निकले अकीदतमंदों और सुरक्षा व्यवस्था में जुटे पुलिसकर्मियों की तस्वीर ने वाराणसी की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का खूबसूरत संदेश दिया।









Users Today : 55
Users This Year : 24645
Total Users : 37238
Views Today : 162
Total views : 73223