मीरजापुर में अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली के संबंध में किया गया जागरूक

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

मीरजापुर –

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मीरजापुर के तत्वावधान में “स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली के संबंध में अधिवक्ताओं को जागरूक करना” विषय पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत की वैधानिक व्यवस्था, अधिकारिता, कार्यप्रणाली एवं वादों के त्वरित तथा प्रभावी निस्तारण में इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी देना है।

कार्यक्रम में प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश संतोष कुमार गौतम, स्थायी लोक अदालत के चेयरमैन सत्येन्द्र सिंह, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभयराज सिंह, सचिव जंग बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश कुमार त्रिपाठी ने किया।

स्थायी लोक अदालत के चेयरमैन सत्येन्द्र सिंह तथा सदस्य रंजना मिश्रा एवं डॉ. पूनम मिश्रा ने अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत के गठन एवं उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसका प्रमुख उद्देश्य आम लोगों को सुलभ, शीघ्र और कम खर्चीली न्याय व्यवस्था उपलब्ध कराना तथा लोक उपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रक्रिया के माध्यम से प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान स्थायी लोक अदालत की अधिकारिता एवं क्षेत्राधिकार, वाद प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, प्री-लिटिगेशन स्तर पर विवादों के निस्तारण, पक्षकारों को नोटिस जारी करने, सुलह-समझौते के प्रयास तथा सुलह विफल होने पर विधि के अनुसार गुण-दोष के आधार पर निर्णय करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिवक्ताओं को बताया गया कि स्थायी लोक अदालत के माध्यम से परिवहन सेवा, डाक एवं टेलीफोन सेवा, विद्युत एवं जलापूर्ति, स्वच्छता, अस्पताल एवं औषधालय, बीमा तथा अन्य अधिसूचित लोक उपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का त्वरित समाधान कराया जा सकता है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मीरजापुर के सचिव आनंद कुमार ने कहा कि अधिवक्ता स्वयं पक्षकारों को स्थायी लोक अदालत की व्यवस्था के प्रति जागरूक करें। जिन मामलों में स्थायी लोक अदालत के माध्यम से विवाद का समाधान संभव हो, उनमें पक्षकारों को इस वैकल्पिक व्यवस्था का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। इससे न्यायालयों में लंबित वादों का बोझ कम होगा और पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिलेगा।

इस दौरान अधिवक्ताओं ने स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली और उनके प्रश्नों का विधिक प्रावधानों के अनुसार समाधान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सचिव आनंद कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अधिवक्ताओं से अपेक्षा की कि वे स्थायी लोक अदालत की व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और आमजन को उनके विधिक अधिकारों तथा वैकल्पिक विवाद निस्तारण के माध्यमों के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुलभ एवं त्वरित न्याय का लाभ मिल सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मीरजापुर ने आमजन से अपील की है कि लोक उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों के शीघ्र समाधान के लिए स्थायी लोक अदालत की व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

 

रिपोर्ट भोलानाथ यादव

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई