शहाबगंज
कर्मनाशा सिस्टम से निकली राइट कैनाल (मेन कैनाल) में अत्यधिक मात्रा में शैवाल जमा होने से पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है। इससे नहर के दक्षिण तरफ करीब 150 बीघे खेतों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने सिंचाई विभाग से जल्द शैवाल की सफाई कराने की मांग की है।
किसान विकास मंच के कार्यकर्ता सोनू सिंह यादव ने बताया कि मनकपड़ा से गांधीनगर पुल तक नहर में बड़ी मात्रा में शैवाल जमा हो गया है। इसके कारण मेन कैनाल का पानी तेज गति से आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

शैवाल के कारण नहर का जलस्तर ऊपर उठ जाता है, जिससे बरसात के दौरान खेतों का अतिरिक्त पानी भी नहर में नहीं निकल पाता। इससे धान की रोपाई में देरी होती है और रोपाई के बाद अधिक बारिश होने पर खेतों में पानी भरने से फसल डूबने का खतरा बना रहता है।
उन्होंने बताया कि नहर को बंद भी नहीं किया जा सकता, क्योंकि नीचे के किसान सिंचाई के लिए पानी की मांग करते रहते हैं। ऐसे में शैवाल की सफाई नहीं होने पर समस्या और गंभीर हो सकती है। किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने शैवाल की सफाई को लेकर सहायक अभियंता बृजेश तिवारी और अवर अभियंता दीपक मिश्रा से वार्ता की।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते शैवाल की सफाई नहीं कराई गई तो पानी के दबाव से मेन कैनाल की पटरी टूटने का खतरा है। इससे करीब 150 बीघे धान की फसल जलभराव की चपेट में आ सकती है।
पालपुर, बंगालीपुर, गयापुर, मनकपड़ा, इटहिया और सैदूपुर के किसानों को भारी नुकसान हो सकता है सहायक अभियंता बृजेश तिवारी और अवर अभियंता दीपक मिश्रा ने बताया कि नहर का मुआयना कराकर शैवाल की सफाई का कार्य कराया जाएगा।
वहीं, राम आशीष यादव ने कहा कि यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो किसान विकास मंच की ओर से जिलाधिकारी से शिकायत कर प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान राम आशीष सिंह, सोनू सिंह, मन्ना सिंह, दीपू और मंगल यादव सहित किसान विकास मंच के कार्यकर्ता मौजूद रहे।









Users Today : 30
Users This Year : 23641
Total Users : 36234
Views Today : 56
Total views : 71159