वाराणसी
मंगलवार का दिन वाराणसी कैण्ट विधानसभा के लोकप्रिय विधायक सौरभ श्रीवास्तव रामनगर क्षेत्र के लिए पूरी तरह समर्पित रहते है। घर-घर जनसंपर्क एवं विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास के पश्चात जब विधायक सौरभ श्रीवास्तव रामनगर स्थित बटाऊवीर के श्यामा उपवन में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में पहुंचे, तब तक अपनी समस्याएं लेकर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक वहां एकत्र हो चुके थे।
भीषण गर्मी और तपती दोपहरी के बावजूद विधायक सौरभ श्रीवास्तव टीन शेड के नीचे बैठकर लोगों की समस्याएं सुनते रहे। जनसुनवाई के दौरान एक बुजुर्ग नागरिक ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि उनके बगीचे में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम को वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर लॉन संचालन का मामला समझ लिया गया और विकास प्राधिकरण द्वारा उन्हें लगातार नोटिस भेजकर परेशान किया जा रहा है।

इस पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सही रिपोर्ट लगाकर विषय का निस्तारण कराया जाय। इसी दौरान कई महिलाओं ने वृद्धावस्था पेंशन और विधवा पेंशन से संबंधित समस्याएं विधायक के समक्ष रखी। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोगों की समस्याएं सामने आने पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने नगर निगम रामनगर जोन की पूरी टीम को जनचौपाल में ही बुला लिया। उन्होंने अधिकारियों को एक-एक शिकायत के समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए तथा कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखने को कहा।

मौके पर ही समस्याओं के समाधान की पहल और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने से उपस्थित नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया तथा विधायक सौरभ श्रीवास्तव की सक्रिय कार्यशैली की सराहना की। लोगों का कहना था कि विधायक सौरभ श्रीवास्तव नियमित रूप से जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और उनके समाधान के लिए तत्परता से कार्य करते हैं।
जनसुनवाई में उनके सहयोग के लिए भाजपा कार्यकर्ता अशोक जायसवाल, संतोष द्विवेदी, डॉ अनुपम गुप्ता, प्रीति सिंह बघेल, जितेंद्र पांडेय, सृजन श्रीवास्तव, पार्षद गण लल्लन सोनकर, मनोज यादव व रितेश पाल गौतम, कुलदीप सेठ, ऋषभ सिन्हा व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











Users Today : 55
Users This Year : 15622
Total Users : 28215
Views Today : 138
Total views : 56046